Bjp Uttarakhand

उत्तराखंड विरोधी ताकत के साथ है कांग्रेस का गठबंधन, BJP ने साधा विपक्ष पर निशाना

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर उत्तराखंड की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

उत्तराखंड विरोधी समाजवादी पार्टी के साथ है कांग्रेस का हाथ

दीप्ति रावत ने कहा कि समाजवादी पार्टी का उत्तराखंड की राजनीति में न तो कोई जनाधार है, न संगठनात्मक ढांचा और न ही कोई ठोस वोट बैंक। ऐसे दल के साथ गठबंधन करना कांग्रेस की राजनीतिक दिवालियापन और सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वही दल है, जिसने हमेशा उत्तराखंड राज्य के गठन का विरोध किया।

प्रदेश महामंत्री ने कहा जब पूरा प्रदेश अलग राज्य की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा था, उस समय इन ताकतों ने आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की। आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज, माताओं-बहनों के साथ दुर्व्यवहार और आंदोलनकारियों पर दमन का इतिहास आज भी उत्तराखंड की जनता के ज़ेहन में ताज़ा है।

उत्तराखंड की भावनाओं के साथ कभी ईमानदार नहीं रही कांग्रेस

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस का ऐसे दल के साथ हाथ मिलाना यह सिद्ध करता है कि कांग्रेस भी उत्तराखंड की भावनाओं के साथ कभी ईमानदार नहीं रही। जो दल राज्य निर्माण की भावना के विरोध में खड़े रहे, आज वही राजनीतिक स्वार्थ के लिए साथ आने का नाटक कर रहे हैं। यह गठबंधन उत्तराखंड की अस्मिता और बलिदानी आंदोलनकारियों का अपमान है।

उत्तराखंड की जनता देगी लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब: महामंत्री

दीप्ति रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सजग है और वह जानती है कि कौन प्रदेश के स्वाभिमान के साथ खड़ा रहा और कौन केवल राजनीतिक अवसरवाद में लिप्त रहा। भाजपा सदैव राज्य आंदोलन की भावना, शहीद आंदोलनकारियों के सम्मान और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। अंत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता इस अवसरवादी और विचारहीन गठबंधन को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें