देहरादून- जब राज्य में कांग्रेस सरकार थी तब हरिद्वार से अवैध खनन के धंधे से सिर्फ 79 लाख 54 हजार तीन सौ रूपए का राजस्व अर्जित किया। जबकि भाजपा सरकार ने तीन महीने में ही 34 करोड़ 18 लाख 74 हजार 252 रूपए का राजस्व वसूला है।
जबकि नैनीताल में एक करोड़ 50 लाख99 हजार का राजस्व प्राप्त किया जबकि कांग्रेस ने सिर्फ एक लाख 21 हजार 450 रूपए वसूले। वहीं उधमसिंह नगर में कांग्रेस सरकार ने सिर्फ 5 करोड़ 58 लाख 11 हजार 520 रूपए का राजस्व वसूला। जबकि भाजपा सरकार ने सिर्फ 100 दिन के राज में ही उसी जिले से 11 करोड़ 45 लाख 19 हजार 677 रूपए का राजस्व वसूला है।
ये आंकड़े आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने मीडिया के सामने पेश किए और इनके जरिए कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। भट्ट ने कांग्रेस राज पर तोहमत लगाते हुए कहा कि तब भ्रष्ट्राचार था और भाजपा सरकार ने उस पर रोक लगाई है, राज्य के खजाने को लुटने से बचाया है। सिर्फ 100 दिन में भाजपा ने राज्य के राजकोष में 40 करोड़ 46 लाख 6 हजार 49 रूपए का राजस्व दिया है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने मीडिया के जरिए कांग्रेस से पांच सवाल किए हैं, भट्ट ने सवाल करते हुए पूछा है
- खनन का पैसा किसकी जेब में जाता था?
- पैसे की बंदरबांट मे कौन-कौन सहयोगी था?
- ये सब किसके संरक्षण में हुआ?
- किसके आदेश से बंदरबांट होती थी?
- और किसके संरक्षण में होती थी?
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की सरकार का राज पच नहीं रहा है। सरकार को अभी महज 100 दिन ही हुए हैं और कांग्रेस सहयोग के बजाए धरना प्रदर्शन कर संकट खड़े कर रही है। वहीं भट्ट नें मीडिया को जानकारी दी कि जल्द ही वे अपनी टीम के साथ राज्य का दौरा करेंगे और जनता के बीच जा कर कांग्रेस को बेनकाब करेंगे।