देहरादून से बड़ी खबर: BJP विधायक के समर्थकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ की मारपीट

देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शिक्षा निर्देशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ उनके दफ्तर में मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है मारपीट करने वाले कोई और नहीं बल्कि विधायक के समर्थक ही थे।
विधायक के समर्थकों ने की प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट
घटना शनिवार दोपहर की है। आरोप है कि किसी प्राथमिक विद्यालय के नाम परिवर्तन को लेकर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के दफ्तर पहुंचे थे। इस दौरान विधायक के समर्थक अधिकारी पर नाम बदलने को लेकर दबाव बनाने लगे।
विधायक की मौजूदगी में हुई मारपीट
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने विधायक को नियम-कानून का हवाला दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। देखते दी देखते विधायक के समर्थक हाथापाई पर उतर आए। मारपीट में घायल निदेशक को कोरोनेशन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें निदेशक के साथ हुई मारपीट के दौरान विधायक भी मौके पर ही मौजूद है।
कर्मचारियों में दहशत का माहौल
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना से कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। अधिकारी के दफ्तर में घुसकर की गई इस मारपीट के वारदात के बाद से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें: शिक्षा निदेशक ने महिला पत्रकार पर उठाया हाथ!, DLD प्रशिक्षितों के प्रदर्शन को कवर करने गई थी जर्नलिस्ट: VIDEO
हमलावरों की गिरफ़्तारी की मांग पर अड़े कर्मचारी
निदेशक पर हमले की खबर के बाद शिक्षकों और स्टाफ ने सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों की ओर से सड़कों को जाम कर विधायक समेत निदेशक के हमलावरों की गिरफ़्तारी की मांग की जा रही है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि अगर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ़्तारी नहीं की जाती है तो उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं को बाधित किया जाएगा।