देहरादून। सत्ता में पार्टी हो तो पदाधिकारियों के हौसले इतने बुलंद हो जाते हैं कि वो चाकू की नोंक पर गैंगरेप भी करने लगते हैं। देहरादून के विकासनगर कोतवाली में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति की तहरीर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महासचिव और उसके चार साथियों पर दुराचार, बलवा, मारपीट, शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दरअसल इलाके के एक शख्स ने पुलिस को तहरीर दी है कि एक महीने पहले बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महासचिव मंसूर खान और उसके साथियों ने उसकी पत्नी के साथ गैंगरेप किया। उस वक्त शख्स घर पर नहीं था।
बाद में बीजेपी नेता बीते शनिवार को फिर एक बार घर में महिलो को अकेला पाकर घुस गया और फिर से रेप की कोशिश करने लगा। इसकी बीच महिला का पति घर में पहुंच गया। शख्स का आरोप है कि बीजेपी नेता ने चाकू मार उसे घायल कर दिया और अपने अन्य साथियों को बुलाकर महिला और उसके पति की पिटाई कर दी। बचाने आए अन्य परिजनों की भी बीजेपी नेता और उसके साथियों ने पिटाई कर दी और भाग निकले।
बाद में महिला और उसके पति ने पुलिस को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। फिलहाल पार्टी ने भी अपने पदाधिकारी को बर्खास्त कर दिया है।