नई दिल्ली : कांग्रेस आज अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। लेकिन स्थापना दिवस से ठीक पहले राहुल गांधी विदेश दौरे पर निकल गए जिसको लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमला वर हुई। बता दें कि राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी में स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी का झंडा वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने फहराया। इस मौके पर अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मुख्यालय में नजर नहीं आईं। गांधी परिवार की तरफ से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी जरूर स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं। आमतौर पर कांग्रेस अध्यक्ष ध्वजारोहण करते हैं मगर न तो सोनिया मौजूद थीं, न ही राहुल।
राहुल गांधी अपनी नानी से मिलने गए हैं-कांग्रेस महासचिव
राहुल गांधी के इटली जाने को लेकर तंज शुरू हो गए हैं। इस बीच इसके जवाब में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी अपनी नानी से मिलने गए हैं। क्या यह ग़लत है? व्यक्तिगत दौरे करने का अधिकार सभी को है। भाजपा निम्न स्तर की राजनीति कर रही है। वे राहुल गांधी पर निशाना साध रहे हैं क्योंकि वे केवल एक नेता को निशाना बनाना चाहते हैं।
भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है-केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा था कि भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है,आज वह इटली वापस चले गए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी विदेश यात्रा पर हैं और पार्टी के स्थापना दिवस पर वो अनुपस्थित रहेंगे। ऐसे में गिरिराज सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, ‘भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है, आज वह इटली वापस चले गए।’ 28 दिसंबर को कांग्रेस अपना 136वां स्थापना दिवस मनाएगी। कांग्रेस की ओर से अलग-अलग माध्यम से 136वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा।