Bjp UttarakhandBig News

अजेंद्र अजय ने खोला प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा, सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाया मामला

उत्तराखंड बीजेपी में इन दिनों घमासान मचा हुआ है। हालात ये हैं कि पार्टी के नेताओं में नहीं बल्कि सीधे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ ही बयानबाजी शुरू हो गई है। पार्टी के नेता और बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने अब सीधे तौर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। अजेंद्र अजय ने अपनी एक नई सोशल मीडिया पोस्ट में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर ही निशाना साध दिया है। आपको बता दें कि अजेंद्र अजय हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट लिखी थी जिसमें उन्होंने पार्टी की मौजूदा स्थिती पर सवाल उठाया था।

राजनीति के प्रति मोहभंग सा होता जा रहा है: अजेंद्र अजय

अजेंद्र अजय ने अपनी इस पोस्ट में लिखा था कि ‘उत्तराखंड में वर्तमान में जिस प्रकार का राजनीतिक परिदृश्य देखने को मिल रहा है, उससे राजनीति के प्रति मोहभंग सा होता जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा था कि “तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा।” Narendra Modi जी तीसरा दशक ऐसा होगा, हम जैसे कार्यकर्ताओं और देवभूमि की जनता ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। छात्र जीवन से राष्ट्रवाद और सनातन के प्रति अगाध आस्था, विश्वास और समर्पण के कारण कई बार कई आरोप भी झेले। इन आरोपों से कभी व्यथित नहीं हुआ। व्यथित होने की परिस्थितियां तब उत्पन्न हो रही हैं, जब हम विपरीत कार्यों के साथ दिखाई पड़ रहे हैं और उनके प्रति हमारा मौन समर्थन प्रकट हो रहा है। ऐसी परिस्थितियों में राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने के अतिरिक्त कोई अन्य विकल्प नहीं दिखाई पड़ता है।’

भट्ट की प्रतिक्रिया से गरमाया मामला

मीडिया से जब इस मसले पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि ‘ सोशल मीडिया पर कोई भी व्यक्ति कुछ लिख रहा है उसे अनुशासनात्मक के दायरे में रहना चाहिए। अगर कोई भी ऐसा करता है तो पार्टी उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। भट्ट की इस प्रतिक्रिया के बाद अजेंद्र अजय ने फिर एक बार सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है। इस बार अजेंद्र अजय ने सीधे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को ही निशाने पर ले लिया है।

अनुशासनात्मक कार्रवाई किस बात के लिए करेंगे आप: अजेंद्र अजय

अजेंद्र अजय ने महेंद्र भट्ट के लिए अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि, ‘माननीय प्रदेश अध्यक्ष जी आज पूर्वाह्न मेरे मोबाइल पर आपकी दो मिस कॉल आई थी। उसके पश्चात मैंने आपको कॉल किया। फोन पर लगभग 3 मिनट की वार्ता के दौरान मैंने आपसे अपना विषय रखने का प्रयास किया। मगर दुर्भाग्य की बात है कि सोशल मीडिया व मीडिया में आपका जो बयान आया है वो अत्यधिक आपत्तिजनक है। मैंने कहां पर कहा है कि मैं दुखी हूं, परेशान हूं? सारी डिटेल्स सोशल मीडिया पर साझा करना मेरे जैसे व्यक्ति के लिए नीचता की हद होगी। इसलिए अधिक विस्तार से जानकारी साझा करना मुझे उचित नहीं लगता है। दूसरी बात, अनुशासनात्मक कार्रवाई किस बात के लिए करेंगे आप? जब मैं स्वयं कह चुका हूं कि ऐसी परिस्थितियों में संन्यास ही उचित विकल्प है’।

पार्टी के कामकाज को लेकर उठने लगे सवाल

अजेंद्र अजय की पोस्ट से यह साफ़ हो जाता है कि महेंद्र भट्ट और अजेंद्र अजय के बीच संवादहीनता की स्थिति बनी हुई है। नतीजतन, पार्टी के कामकाज को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्या पार्टी में कार्यकर्ताओं की कोई पूछ नहीं हो रही है ? क्या बीजेपी संगठन की कमान संभाल रहे महेंद्र भट्ट अपनी पार्टी के नेताओं की बात भी नहीं सुन रहे हैं ? ऐसा नहीं है कि उत्तराखंड बीजेपी में पार्टी फोरम के ऊपर उठकर कोई नेता पिछले कुछ दिनों में पहली बार बोला हो। इससे पहले गदरपुर से बीजेपी के मौजूदा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने भी पिछले कुछ दिनों से सरकार की आलोचना की थी।

ये भी पढ़ें: अचानक अरविंद पांडेय से मिलने पहुंचे महेंद्र भट्ट, सियासी गलियारों में अटकलें तेज

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें