देहरादून : कोरोना कहर के बीच उत्तराखंड कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। जी हां बीते दिन 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थामा जो कि कांग्रेस के लिए कहीं न कहीं बड़ा झटका देने वाली बात है। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान के नेतृत्व में गुरुवार को चकराता क्षेत्र के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने को सरकार की उपलब्धियों का नतीजा बताया और भाजपा सरकार का बखान किया। मधु चौहान ने कहा कि जनता सरकार के कार्यों से खुश होकर निरंतर भाजपा के साथ आ रही है, जबकि जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो गया है।
जानकारी मिली है कि विकासनगर में आयोजित कार्यक्रम में चकराता क्षेत्र के 37 परिवारों के सदस्यों को जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर निरंतर दूसरे दलों के कार्यकर्ता भाजपा में अपना विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि चकराता क्षेत्र के लिए सरकार विभिन्न प्रकार की विकास योजनाओं पर काम कर रही है। हाल के दिनों में क्षेत्र के जजरेड में सड़क पर आने वाले मलबे से क्षेत्रवासियों को निजात दिलाने के लिए सरकार बड़ी योजना पर काम कर रही है।