रुद्रपुर : फैक्ट्री के काम से ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर के होटल में रुका एक युवक हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव निकला। पुलिस ने होटल सीज कर फैक्ट्री में उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी लेने में जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही होटल के 11 कर्मचारियों के सैंपल लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले हरियाणा से एक युवक सिडकुल की औरंगाबाद इलेक्ट्रानिक फैक्ट्री में आया था। यहां आने के बाद वह ट्रांजिट कैंप के सेंटर प्वाइंट होटल में कुछ दिन रुका था। इसके बाद दो जून को वह वापस हरियाणा के लिए रवाना हो गया था।
बताया जा रहा है कि हरियाणा में हुई कोरोना जांच में वह पॉजिटिव निकला। इसका पता चलते ही जिला, पुलिस और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में रविवार को पुलिस होटल पहुंची और सील कर दिया। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों ने होटल के 11 कर्मचारियों को आइसोलेट कर दिया है।
सीओ अमित कुमार ने बताया कि होटल के कर्मचारियों के सेंपल जांच को लिए जाएंगे। फैक्ट्री में युवक के संपर्क में आए फैक्ट्री कर्मचारियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद उन्हें क्वारंटाइन किया जाएगा। बताया कि कोरोना संक्रमित निकले युवक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।