नई दिल्ली: कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दुनिया में भारत, अमेरिका और ब्रोजील में वर्तमान में सबसे ज्यादा मामले हैं। भारत में कोरोना के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है। देश में लगातार दूसरे दिन 60 हजार से ज्यादा कोरोना मामले आए हैं। कोरोना के कुल मामले 21 लाख के करीब पहुंच गए हैं। पिछले 24 घंटों में देश में 61 हजार 537 नए मामले आए और 933 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले 62 हजार 538 मामले आए थे, जो अभी तक एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं।
भारत में कुल मामलों के 38 प्रतिशत केस सिर्फ पांच राज्यों में हैं। इसमें आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार शामिल हैं। 16 जुलाई तक जब देश में कोरोना के 10 लाख मामले थे, तब इन राज्यों से 19 प्रतिशत केस सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल 20 लाख 88 हजार मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों में एक्टिव मरीजों की संख्या 6 लाख 19 हजार है। 14 लाख 27 हजार लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब तक 42 हजार 518 लोग अपनी जान गवां चुके हैं।