बड़कोट : उत्तराखंड में मानसून भले ही कुछ धीमा पड़ गया हो, लेकिन बारिश का कहर कई इलाकों में जारी है। उत्तरकाशी जिले की यमुनाघाटी में बुधवार रातभर हुई बारिश से यमुनोत्री मार्ग अब भी बंद है। कई गांवों से संपर्क कट गया है।
यमुनोत्री घाटी में पूरी रात मूसलाधार बारिश से कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से खरादी के पास नगाण गांव मोटर पुल पर बना वैकल्पिक रास्ता बह गया है। साथ ही ओजरी डबरकोट में भूस्खलन होने से यमुनोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया है। इसके अलावा धारमंडल के कई गांवों के रास्ते भी बंद हो गए।