रुद्रप्रयाग : भारी बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग गौरीकुंड से आगे अवरुद्ध हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया है। जानकारी के अनुसार सोनप्रयाग और गौरीकुंड में दो सौ से ज्यादायात्री रोके गए हैं, जबकि केदारनाथ लौट रहे 50 यात्री फंसे हुए हैं, उनको रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला जा रहा है। रास्ते के बंद होने की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों का पंजीकरण रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार केदारनाथ के लिए 169 यात्रियों का पंजीकरण कर दिया गया था, उनमें से कुछ लोग सुबह छह बजे तक गौरीकुंड से आगे रवाना हो गए थे। रास्ता टूटने के बाद केदारनाथ जाने वाले अन्य 146 यात्रियों को गौरीकुंड में ही रोक दिया गया। सोनप्रयाग में भी 70 से अधिक यात्री रोके गए हैं, जिनका पंजीकरण नहीं किया गया है। डीडीएमए-लोनिवि गुप्तकाशी के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि भूस्खलन के कारण पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। रविवार दोपहर तक रास्ते को दुरुस्त कर यात्रा के लिए खोल दिया जाएगा।