हल्द्वानी: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हड़ताल पर गए पीजी डॉक्टरों ने पूर्ण वेतन दिए जाने की मांग को लेकर आज से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। पिछले लंबे समय से पीजी डॉक्टर सरकार द्वारा उन्हें पूर्ण वेतन दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इससे पूर्व भी कई बार डॉक्टरों द्वारा हड़ताल की जा चुकी है, लेकिन हर बार शासन से आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन मांग पूरी नहीं की जाती। इससे डाॅक्टर नाराज हैं।
इससे गुस्साए पीजी डॉक्टरों आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इसी साल जनवरी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घोषणा कर कहा था कि पीजी डॉक्टरों को पूर्ण वेतन दिया जाएगा, लेकिन पिछले तीन-चार महीनों में कई बार हड़ताल करने के बावजूद सरकार ने केवल आश्वासन ही दिया। पूर्ण वेतन दिए जाने का शासनादेश अब भी जारी नहीं किया गया है।
उनका कहना है कि वे अब भूख हड़ताल पर चले गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ सुशीला तिवारी अस्पताल में सभी विभागों की ओपीडी खोले जाने के बाद हड़ताल का असर अब इलाज पर भी पड़ेगा। लिहाजा अस्पताल प्रशासन शासन को हड़ताल के बारे में अवगत करा चुका है। लेकिन, अभी भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। इसका खामियाला लोगों को भुगतना पड़ सकता है।