देहरादून : उत्तराखंड और उत्तराखंड भाजपा से बड़ी खबर है। जी हां बता दें कि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के ओएसडी उर्बा दत्त भट्ट की पत्नी वर्षा भट्ट की मौत हो गई है। जानकारी मिली है कि सीएम के ओएसडी उर्बा दत्त भट्ट की पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। बीती शाम अचानक वर्षा भट्ट की तबीयत बिगड़ी औऱ उन्हें महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। जानकारी मिली है कि उनको निमोनिया की शिकायत थी और इस कारण उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इतना ही नहीं उनके साथ उनके पति सीएम के ओएसडी उर्बा दत्त, उनकी बेटी और साली भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बेटी की उम्र 24 साल है, जिनको उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आपको बता दें कि इससे पहले सीएम के दो और ओएसडी में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। खुद सीएम दो बार होम आइसोलेट रहे है। दो बार कैबिनेट स्थगित की गई थी।
भाजपा में धीरे धीरे कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। पहले कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज फिर कई विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं बीते दिन शिक्षा सचिव मीनाक्षी सुंदरम में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। उत्तराखंड में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 27211 तक पहुंच गया है। वहीं मौतों का आंकड़ा 372 तक पहुंच गया है।