ऋषिकेश: उत्तराखंड से बड़ी खबर है। ऋषिकेश में काफी दिनों तक रही महिला अमेरिका पहुंचने के बाद कोरोना पाॅजिटिव पाई गई है। महिला ने खुद ही फेसबुक पोस्ट कर मामले की जानकारी दी। लोगों को जानकारी मिलने के बाद स्थानीय को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला के संपर्क में आए करीब 25 लोगों की जांच की गई।
हालांकि राहत की बात यह है कि महिला के संपर्क में आए अन्य सभी लोग सामान्य हैं। महिला सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से जांच कराने की भी अपील कर रही है। मामला मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के तपोवन का है। पिछले कुछ समय से अमेरिकन महिला भारत में रह रही थी। दो मार्च से 14 मार्च तक तपोवन के रिजॉर्ट में ठहरी थी।
इस बीच वह क्षेत्र के कई लोगों के संपर्क में भी आई। तपोवन क्षेत्र में एक अन्य अमेरिकन महिला गरीब, बेसहारा बच्चों के लिए स्कूल चलाती हैं। कोरोना पॉजीटिव पाई गई महिला जितने दिन यहां रहीं, उतने ही दिन वह स्कूल में बच्चों से मिलने भी जाती रहीं।