नई दिल्ली : मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव वाले क्षेत्रों में अब उच्च दबाव की हवाओं की रफ्तार में तेजी देखने को मिल रही है। देश में ऐसे कई हिस्से हैं, जहां रात को तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तापमान में कमी नजर आने लगी है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि पूरे अक्तूबर ऐसा मौसम रह सकता है।
विभाग का कहना है कि इस महीने के अंत या नवंबर की शुरुआत में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि वो अगले महीने तक दिसंबर, जनवरी और फरवरी के लिए सर्दियों का पूर्वानुमान घोषित करेगा। पहाड़ों से आने वाली उत्तरी हवाओं से शीत लहर के चलते दिन में भी तापमान कम होने लगेगा।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि जलवायु परिवर्तन का असर दुनियाभर में देखा जा रहा है। वैज्ञानिक ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस है। उन्होंने बताया कि अगले दो हफ्तों में यह तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाएगा। इसके बाद से हर हफ्ते एक या दो डिग्री तापमान कम होता जाएगा।