पिथौरागढ़ : मुनस्यारी-मिलम सड़क पर सेनर गाड़ पर बना पुल टूट गया। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चीन सीमा को जोड़ने वाले मुनस्यारी-मिलम सड़क पर सेनर गाड़ पर बना पुल टूटने से सेना के जवानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इसी पुल के जरिये सेना को रसद भेजी जाती थी। ताजा हालातों के बीच यह पुल और महत्वपूर्ण हो गया था।
दरअसल, पुल से पोकलैंड मशीन लदा ट्राला गुजर रहा था। ट्राले में लदी पोकलैंड मशीन नदी में समा गई। हादसे में ट्राला चालक और पोकलैंड ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। मशीन सड़क निर्माण के लिए ले जाई जा रही थी। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्राला चालक गोवर्धन सिंह निवासी लमगड़ा अल्मोड़ा और पोकलैंड ऑपरेटर लखविन्दर सिंह निवासी पंजाब को अस्पताल पहुंचाया।
सेनर गाड़ में पुल टूटने से सीमांत के दो दर्जन से अधिक माइग्रेशन गांवों का मुनस्यारी मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। पुल के टूटने से धापा, क्वीरीजिमिया, साईपोलो, लीलम, बुईपातों सहित मल्ला जोहार के मिलम, विल्जू, बूर्फू टोला पांछू, लास्पा, गनघर, खिलाच रिलकोट गांव का संपर्क टूट गया है।