Dehradun NewsUttarakhandUttarakhand Congress

उत्तराखंड में सियासी सरगर्मी तेज! जल्द कांग्रेस में शामिल होंगे बड़े चेहरे

उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आगामी 16 फरवरी को प्रस्तावित “लोक भवन घेराव” से पहले कांग्रेस खेमे में बड़ी राजनीतिक सुगबुगाहट देखने को मिल रही है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने साफ संकेत दिए हैं कि जल्द ही कई बड़े नेता कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

कांग्रेस में शामिल होंगे कई बड़े नेता: यशपाल आर्य

मंगलवार को हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में आयोजित कांग्रेस की अहम बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर रणनीति बनाई गई। बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यशपाल आर्य ने कहा कि कुछ प्रमुख नेता लगातार कांग्रेस के संपर्क में हैं और बातचीत अंतिम दौर में है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि औपचारिक घोषणा केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद ही की जाएगी। राजनीतिक गलियारों में इसे चुनाव से पहले बड़े शक्ति संतुलन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

16 फरवरी को देहरादून में लोक भवन घेराव

बैठक में 16 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित लोक भवन घेराव को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में राजधानी पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का आरोप है कि राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। 12 फरवरी को हल्द्वानी में एक और महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें: हाईकमान के निर्देश के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में हलचल, 90 दिन के रोडमैप पर मंथन शुरू

नए नेताओं के स्वागत को लेकर हो सकती है रणनीति तय

माना जा रहा है कि इसी बैठक में संभावित नए नेताओं के स्वागत को लेकर भी रणनीति तय हो सकती है।वरिष्ठ नेता रणजीत रावत ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है और इस बार संगठन पहले से ज्यादा एकजुट है। चुनाव से एक साल पहले कांग्रेस के भीतर संभावित बड़े चेहरों की एंट्री की चर्चा ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें