दिनेशपुर में फूटा बंगाली समाज का गुस्सा, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, जानें क्या है मामला

विधानसभा विशेष सत्र के दौरान बंगाली समाज को लेकर दिए गए बयान पर आज बंगाली समाज का आक्रोश फूट पड़ा। समाज के लोगों ने दिनेशपुर के मुख्य चौराहे सुभाष चंद्र बोस चौक पर कैबिनेट मंत्री मुन्ना सिंह चौहान और मंत्री सौरभ बहुगुणा का पुतला फूंका। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
बंगाली समाज का फूटा गुस्सा
दरअसल, विधानसभा विशेष सत्र में मुन्ना सिंह चौहान द्वारा बंगाली समाज पर की गई टिप्पणी को समाज के लोगों ने अपमानजनक बताया है। बता दें चौहान ने विशेष सत्र के दौरान कहा था कि बंगाली समाज को खैरात में जाति प्रमाण पत्र नहीं दिया जाएगा। इस बयान के बाद से ही बंगाली समाज में नाराजगी है।
बहुगुणा को बंगाली समाज से मिले थे 90 प्रतिशत वोट
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जब यह टिप्पणी की गई थी तब सितारगंज के विधायक और वर्तमान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा भी सदन में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इसका कोई विरोध नहीं किया। बंगाली समाज का कहना है कि सौरभ बहुगुणा को 90 प्रतिशत वोट बंगाली समाज से मिले थे, फिर भी उन्होंने चुप्पी साध ली, जो निराशाजनक है।
सरकार को दी चेतावनी
आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने बंगाली समाज के प्रति अपना रवैया नहीं बदला, तो आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में सितारगंज, रुद्रपुर और गदरपुर विधानसभा सीटों पर भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।