हरिद्वार : देशभर में बैंक कर्मचारी आज से दो दिनों की हड़ताल पर हैं। अपनी आठ मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का असर हरिद्वार में भी देखने को मिला। हरिद्वार में चंद्राचार्य चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर इकट्ठा हुए दर्जनों बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन कर रहे बैंक कर्मियों ने सरकार को पूंजीवादी सरकार बताते हुए कहा कि सरकार बैंक कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। 2017 से बैंक कर्मियों की वेतन वृद्धि का मामला चला आ रहा है लेकिन आज तक सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी। उसके अलावा भी कई समस्याएं हैं जो सरकार नहीं मान रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिनों की हड़ताल के बाद अगले महीने फिर से बैंकों की हड़ताल की जाएगी। अगर सरकार फिर भी नहीं चेतती तो बैंक कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे जिसका अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होगा।