चंपावत : उत्तराखंड और देश के लिए एक बुरी खबर है। जी हां छुट्टी घर आए चंपावत निवासी सेना के जवान मोहन चंद की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस खबर से सैनिक के घर, गांव में कोहराम मच गया। वहीं सैनिक का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सैनिक के चाचा और चचेरे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।
मिली जानकारी के अनुसार बनबसा में बुधवार को सैलानीगोठ स्थित शारदा घाट पर सैनिक को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान सभी भी आंखें नम थी। छावनी स्थित 23 सिख रेजीमेंट के जवानों ने मृतक को अंतिम सलामी दी। सिख रेजीमेंट के स्टेशन कमांडर के प्रतिनिधि सूबेदार बलबीर सिंह भी बनबसा पहुंचे थे।
बता दें कि चंपावत के मोहन चंद 23सिख रेजीमेंट में लांसनायक के पद पर तैनात थे। हाल ही में वो घर छुट्टी आए थे। मंगलवार को वो बनबसा से सैलानीगोठ लौट रहे थे कि तभी इस दौरान एक तेज रफ्तार वाहन सवार ने जवान की बाइक को टक्कर मार दी। सैनिक मोहन चंद सड़क पर गिरे और गंभीर रुप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोग जवान को तुरंत अस्पताल ले गए जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।