सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 12 मई को वोट डाले जाने हैं। भाजपा-कांग्रेस यहां अपने-अपने प्रत्याशियों को चुनाव जिताने के लिए पूरा जोर लगाए हुए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान अक्सर कार्यकर्ता आमने-सामने हो जाते हैं, लेकिन इस बार चाची-भतीजी आमने-सामने आ गईं। उसके बाद जो हुआ। उसका खामियाजा चाची के पर्सनल सिक्रेटरी को भुगतना पड़ा।
दरअसल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रत्याशी संजय सिंह के लिए रोड-शो करने सुल्तानपुर पहुंचीं थीं। सुल्तानपुर से गांधी परिवार की बहू मेनका गांधी भाजपा की प्रत्याशी हैं। प्रियंका गांधी रोड़-शो कर रही थीं। इस दौरान जाम लग गया, जिसमें दूसरी ओर से आ रही उनकी चाची मेनका गांधी की गाड़ी जाम में फंस गईं।
प्रियंका ने अपने रोड-शो की शुरुआत यह कहकर की थी कि यह प्रचार उनकी चाची मेनका गांधी के खिलाफ नहीं, बल्कि भाजपा के खिलाफ है। रोड-शो के दौरान दरियापुर में प्रियंका गांधी और मेनका गांधी का आमना-सामना हो गया। चाची मेनका गांधी की गाड़ी भतीजी प्रियंका के रोड-शो में करीब आधे घंटे तक फंसी रही। इस दौरान मेनका गांधी भतीजी प्रियंका के रोड-शो को देखती रहीं।
रोड-शो के दौरान मेनका गांधी की गाड़ी भीड़ के बीचों-बीच फंस गई। इस पर उन्हें गुस्सा आ गया। वो अपने पर्सनल सिक्रेटरी पर आग बबूला हो गईं। सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने बड़ी मुश्किल से मेनका गांधी की गाड़ी को जाम से पास कराया। मेनका गांधी अमित शाह की सभा से लौट रही थी। इस दौरान उनका सामना प्रियंका के काफिले से हो गया था।