नई दिल्ली: सेना को नया उप सेना प्रमुख मिल गया है। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नारावने ने सेना के उप प्रमुख का पदभार संभाल लिया। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे। उस स्थिति में वरिष्ठतम कमांडर होने के चलते लेफ्टिनेंट नारावने सेना प्रमुख पद की दौड़ में भी शामिल हो जाएंगे। लेफ्टिनेंट नारावने ने लेफ्टिनेंट जनरल डी अंबू की जगह ली।
लेफ्टिनेंट जनरल नारावने सेना की पूर्वी कमान की अगुवाई कर रहे थे जो चीन के साथ लगती भारत की करीब 4000 किलोमीटर लंबी सीमा की देखभाल करती है। अपने 37 साल के सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई कमान में अपनी सेवा दी, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में आतंकवाद निरोधिक अभियानों में सक्रिय रहे और कई अहम जिम्मेदारियां संभाली।
जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स की एक बटालियन और पूर्वी मोर्चे पर इंफ्रैंटी ब्रिगेड की कमान भी संभाल चुके हैं। श्रीलंका में शांति मिशन दल का भी हिस्सा रह चुके हैं और वह म्यामांर में भारतीय दूतावास में तीन साल तक भारत के रक्षा अताशे रहे हैं। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सेना अकादमी के पूर्व छात्र हैं।