उत्तराखंड से बड़ी खबर है। उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और कांग्रेस विधायक रह चुके अनुसूइया प्रसाद मैखुरी का निधन हो गया है। वो कोरोना संक्रमित थे।
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी के अनुसार पिछले कुछ दिनों पहले उन्हें कोरोना ने अपने संक्रमण की चपेट में लिया था। इसके बाद वो ठीक हुए लेकिन कुछ दिनों पहले उनकी हालत फिर बिगड़ी। इसके बाद उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में एडमिट किया गया जहां उनका उपचार चल रहा था लेकिन शनिवार को उनका निधन हो गया।
अनुसूइया प्रसाद मैखुरी 2012 से 2017 तक उत्तराखंड विधानसभा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वो दो बार विधायक भी चुने गए थे। 2002 में उन्होंने बद्रीनाथ विधानसभा से चुनाव जीता था। उन्होने केदार सिंह फोनिया को हराया था। इसके बाद 2012 में वो कर्णप्रयाग से चुन कर आए थे। अनूसुइया प्रसाद मैखुरी अपने पूरे जीवन भर राजनीतिक संघर्ष करते रहे। ब्लाक स्तर से लेकर विधायक बनने तक उनकी लोकप्रियता हर बार बढ़ती गई।
अनुसूइया प्रसाद मैखुरी के निधन पर कांग्रेसजनों में शोक की लहर व्याप्त है। पार्टी के नेताओं ने अनुसूइया प्रसाद मैखुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार मैखुरी जी का अंतिम संस्कार आज ही हरिद्वार में किया जाएगा।