देहरादून : भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित की है, जिसमें अनिल बलूनी का कद और बड़ा हो गया है। अनिल बलूनी अब तक राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख तो थे ही, अब उनको पार्टी के मुख्य प्रवक्ता की भी दोहरी और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उत्तराखंड की राजनीति से निकलकर अनिल बलूनी ने राष्ट्रीय राजनीति में अपना एक बड़ा मुकाम हासिल किया है।
अनिल बलूनी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है। गुजरात में मुख्यमंत्री रहने से लेकर अब तक बलूनी लगातार पीएम मोदी के भरोसेमंद लोगों में शामिल रहे हैं। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में गृह मंत्री अमित शाह के भी अनिल बलूनी खासे करीब रहे। उन्होंने बलूनी पर भरोसा किया और अपनी टीम में अहम जिम्मेदारी सौंपी थी।
अब भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बलूनी पर विश्वास जताया है। उन्होंने बलूनी का कद बढ़ाते हुए उनको राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख के साथ ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी सौंपी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अनिल बलूनी की राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में कितनी अहमियत है।
उत्तराखंड की बात करें तो लोग बलूनी को एक विकल्प और उम्मीद के तौर पर देखते आए हैं। बलूनी ने अपने अब तक के कार्यकाल में कई शानदार काम किए हैं। जिससे राज्य के लोगों में बलूनी के प्रति उम्मीदें जगी हैं। अनिल बूलनी भी राज्य के विकास से जुड़े हर मसले पर केंद्र में मजबूती से पैरवी करते हैं और राज्य की बेहतरी के लिए काम करते रहते हैं।