अरविंद पांडेय के घर पहुंचे अनिल बलूनी और त्रिवेंद्र

उत्तराखंड में अचानक बड़ी सियासी हलचल हुई है। बीजेपी के तीन बड़े नेताओं की बैठक हुई है। गदरपुर से विधायक अरविंद पांडेय के घर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत पहुंचे। तीनों नेताओं की लंबी बैठक हुई है।
विधायक के घर सांसदों की बैठक
गदरपुर से बीजेपी विधायक अरविंद पांडेय के घर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत पहुंचे। इस दौरान अरविंद पांडेय ने दोनों नेताओं का फूल – मालाओं से स्वागत किया। अरविंद पांडेय के घर बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद रहे। दोनों नेता अरविंद पांडेय के घर पर काफी देर तक रुके रहे। इस दौरान तीनों नेताओं के बीच काफी देर तक इलाके की राजनीति को लेकर भी चर्चा हुई।
तीनों नेताओं की दोस्ती चर्चाओं में रही है
अरविंद पांडेय के घर अनिल बलूनी और त्रिवेंद्र सिंह रावत के पहुंचने के बाद सियासी चर्चाएं भी हो रही हैं। दरअसल ये तीनों ही नेता एक ही गुट के माने जाते हैं। हाल ही में अरविंद पांडेय और सरकार के बीच चले शीत युद्ध के दौरान ये दोनों ही नेता अरविंद पांडेय के साथ खड़े नजर आए थे।
क्यों अहम है ये मुलाकात
दरअसल ये मुलाकात उत्तराखंड बीजेपी में एक प्रेशर ग्रुप की बड़ी बैठक के तौर पर देखी जाएगी। ये तीनों ही नेता एक तरह से बीजेपी के अलग गुट की तरह देखे जा रहे हैं जो सरकार की आलोचना का मौका नहीं छोड़ता है। तीनों ही नेता अलग अलग मौकों पर सरकार की आलोचना से भी गुरेज नहीं करते हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत कई बार सार्वजनिक बयानों में सरकार को आईना दिखाते रहे हैं। ऐसे में इन तीनों नेताओं की बैठक अहम राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखी जा रही है।