देहरादून : उत्तराखंड में सरकार बनने के बाद से ही कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं चलती रही हैं। लगातार कैबिनेट विस्तार को लेकर सरकार और भाजपा संगठन के बयान भी सामने आते रहे। कैबिनट में खाली तीन पदों पर पर दावेदारी करने वाले भी मांग उठाते नजर आए।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान के बाद मंत्रीमंडल विस्तार की अटकलों को विराम लग सकता है। साथ ही उनका इंतजार भी समाप्त हो सकता है, जो लंबे वक्त से कैबिनेट विस्तार का इंतजार कर रहे थे। उत्तराखंड की त्रिवेंद्र कैबिनेट में 3 मंत्री पद खाली हैं। पिछले दिनों हुई कोर ग्रुप की बैठक में तय किया गया था कि कैबिनेट विस्तार का फैसला सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ही लेंगे।
लंबे इंतजार के बाद कैबिनेट विस्तार की अटकलों को विराम लगने के साथ ही इस पर नवरात्रि में फैसला संभव है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसके संकेत दिए हैं। सीएम ने कैबिनेट विस्तार के सवाल के जवाब में कहा कि नवरात्रि का शुभ मुहूर्त आ रहा है। इससे माना जा रहा है कि नवरात्रि में ही कैबिनेट विस्तार का फैसला हो सकता है।