अमित शाह ने धामी को बताया उत्तराखंड के लिए मुफीद, बोले उनके हाथ ही रहेगी 27 की कमान

गृह मंत्री अमित शाह का दौरा उत्तराखंड बीजेपी बूस्टर डोज साबित होने जा रहा है। जहां एक तरफ प्रदेश भर में मुख्यमंत्री के बदलने की चर्चाएं चल रही थी, वहीं भरे मंच से एक बार फिर अमित शाह सीएम धामी की पीठ थपथपा गए और ये संदेश दे गए ही सीएम धामी पर हाईकमान का पूरा भरोसा है और 27 भी उन्हीं के चेहरे पर लड़ा जाएगा ।
अमित शाह ने फिर थपथपाई सीएम धामी की पीठ
बीजेपी के कई नेताओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा गेम चेंजर साबित हो गया है। क्योंकि हाईकमान ने साफ कर दिया है कि धामी की धमक अभी फिकी नहीं पड़ी है। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2027 में नेतृत्व को लेकर जो संकेत दिया उससे तो यही माना जा रहा है कि हाईकमान के लिए धामी मुफीद है।
असल में पिछले कुछ महीनों से सियासी गलियारों में ये हवा बनाई जा रही थी कि उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। ना सिर्फ विपक्ष दावा कर रहा था, बल्कि बीजेपी की अंदरुनी खींचतान ने भी मुख्यमंत्री बदलने को लेकर चल रही तमाम अटकलों को बल दिया हुआ था। लेकिन शनिवार को अमित शाह के दौरे के बाद ऐसी सभी चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लग गया है। इसके पीछे की वजह मंच पर नज़र आई गृह मंत्री और सीएम धामी के बीच की शानदार केमिस्ट्री थी।
अमित शाह और सीएम धामी की बॉन्डिंग बनी चर्चा का विषय
बता दें कि 23 मार्च को धामी सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इन दिनों प्रदेश में धामी सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर आए थे। शाह का कार्यक्रम उत्तराखंड के द्वार, धर्मनगरी हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित हुआ।
ये भी पढ़ें: अमित शाह दे गए 2027 के लिए जीत का मंत्र, सासंद और विधायकों को दिए बूथ स्तर तक पहुंचने के निर्देश
कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा भीड़ जुटी थी। मंच पर बीजेपी सांसद, विधायक, शाह के साथ बैठे, लेकिन चर्चा हो रही गृह मंत्री शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच बॉन्डिंग की। जिसने ना सिर्फ विपक्ष को खामोश कर दिया बल्कि जवाब बीजेपी के अंदर सीएम की कुर्सी की राह ताक रहे नेताओं को भी दे दिया.,कि धामी केंद्र के भरोसेमंद चेहरों में से एक है।
चार गुना तेज़ी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा उत्तराखंड: शाह
अमित शाह ने धामी सरकार के कड़े और बड़े फैसलों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पीठ को थपथपाया। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कमीशन खोरी, छात्रवृत्ति जैसे घोटाले का जिक्र कर सूबे की धामी सरकार को ईमानदार बताया। शाह ने कहा कि आज प्रदेश में युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरियां मिल रही है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। सख्त नकल विरोधी कानून, दंगा कानून, धर्मांतरण कानून आज मिसाल बन गए हैं। शाह ने कहा कि धामी नेतृत्व में उत्तराखंड चार गुना तेज़ी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।