रुड़की : प्यार अंधा होता है। यह कहावत तो सभी ने सुनी होगी। ऐसा ही एक मामला रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में सामने आया है। मामला एक ऐसी प्रेम कहानी का है, जिसके बारे में सुनकर आप हैरान हो जाएंगे। नौ बच्चों की मां एक महिला 22 साल के लड़के साथ फरार हो गई। महिला के परिजनों ने दोनों को बरामद कर लिया। इसके बाद युवक को हिदायत देते हुए उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।
कलियर थाना क्षेत्र एक गांव में प्रेम प्रसंग का एक अजीब मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के अनुसार, करीब दस दिन पहले भट्टे पर काम करने वाली 55 वर्षीय एक महिला 22 साल के प्रेमी संग फरार हो गई थी। महिला के परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। किसी ने परिजनों को सूचना दी की फरार महिला और उसके प्रेमी को कलियर के पास देखा गया है।
सूचना पर परिजनों ने महिला को उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। महिला को घर चलने को कहा गया तो, उसने प्रेमी के साथ रहने की जिद्द पकड़ ली। परजिनों और पति ने काफी देर तक समझाया, जिसके बाद वो घर जाने के लिए तैयार हो गई। महिला के प्रेमी को उसके परिजनों को बुलाकर उनके हवाले कर दिया।