देहरादून: गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। तापमान लोगों को झुलसा रहा है। गर्मी बढ़ने से वनों की आग भी और भड़क रही है। लोग मानसून के जल्द आने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन मौसम विज्ञानियों की मानें तो फिलहाल मानसून के जल्द आने की उम्मीद कम है। इस बार मानसून जून के आखिरी सप्ताह नहीं बल्कि, जुलाई के पहले सप्ताह तक आ सकता है।
आमतौर पर उत्तराखंड में मानसून जून के आखिरी सप्ताह में दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार जून के बजाय जुलाई में मानसून के उत्तराखंड पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि इस बार मानसून जुलाई माह के पहले सप्ताह के बाद ही शुरू होता नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशांत महासागर में मई तक अलनीनो का असर बना हुआ है।
अलनीनो के चलते ही मानसून थोड़ा देरी से पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखं डमें मानसून आठ जुलाई तक उत्तराखंड में दस्तक दे सकता है। इतना ही नहीं इस बार मानसून की बारिश सामान्य से पांच प्रतिशत तक कम हो सकती है। हालांकि इसे मौसम विज्ञान के अनुसार सामान्य माना जाता है।