प्रयागराज: प्रयागराज के घूरपुर के सारंगापुर रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुंची पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष से चाकू की नोक पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बदमाशों के चंगुल से किसी तरह निकलकर पीड़िता ने घूरपुर थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी समेत दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने रात में ही मुख्य आरोपी को हिरासत में भी ले लिया था। हालांकि पुलिस ने इसके बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती एक कॉलेज की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुकी हैं। उसका आरोप है कि पूर्व में वह कई बार घर लौटते वक्त घूरपुर के सारंगापुर जीवा रेस्टोरेंट में नाश्ता करने जा चुकी है। रविवार को भी शाम चार बजे रेस्टोरेंट में पहुंची। इस दौरान कैश काउंटर पर बैठा रोहन उसे मिला, जिसने खुद को रेस्टोरेंट का मालिक बताया।
इस दौरान वह उसे झांसा देकर रेस्टोरेंट के पीछे ले गया और फिर वहां चाकू निकाल लिया। साथ ही हत्या करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी के साथ वहां आए एक अज्ञात व्यक्ति ने किसी से शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वहां से छूटने के बाद पीड़िता घूरपुर थाने पहुंची और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रोहन और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।