भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी से चार जुलाई को प्रयागराज के मंदिर में विवाह करने वाले अजितेश कुमार अब बैकफुट पर हैं। सोशल मीडिया पर विधायक से अपनी और पत्नी साक्षी मिश्रा की जान का खतरा बताकर वीडियो वायरल करने वाले अजितेश कुमार ने फेसबुक पर अपना अकाउंट डिलीट कर दिया है।
हथियारों के शौकीन अजितेश कुमार
अजितेश कुमार के फेसबुक पर उनके कृत्य को लेकर तमाम तरह के कमेंट आ रहे थे। हथियारों के शौकीन अजितेश कुमार ने फेसबुक पर तमाम हथियारों के साथ अपने फोटो डाले थे। हथियारों के शौक के मामले का खुलासा होने के बाद अजितेश ने कल अपना फेसबुक एकाउंट डिलीट कर दिया। साक्षी से शादी करने से पहले अजितेश ने फेसबुक पेज पर हथियारों के साथ कुछ फोटो पोस्ट की थी। वहीं फेसबुक से खुल रही पोल के कारण अजितेश ने फेसबुक एकाउंट डिलीट कर दिया। साक्षी मिश्रा के पति की तस्वीर और पहले दूसरी लड़की से सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है।
अजितेश कुमार की सगाई भोपाल की एक लड़की से पहले ही हो चुकी है
आपको बता दें कि अजितेश कुमार की सगाई भोपाल की एक लड़की से पहले ही हो चुकी है। इनकी शादी के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय थी। भोपाल में शादी की सारी तैयारियां भी हो गई थी। लड़की के पिता ने इस सगाई में सात लाख से अधिक रुपये खर्च किया था। सगाई टूटने वाली लड़की के पिता ने कहा कि सगाई में लाखों रुपए खर्च किए गए। उसकी भरपाई कौन करेगा। समाज में सगाई टूटने से बदनामी भी काफी हुई।
पड़ोसियों ने लगाए आरोप
विधायक की बेटी साक्षी के पति अजितेश पर पड़ोसियों ने कई तरह के आरोप लगाए हैं। पड़ोसियों ने कहा कि उसके बारे में अधिक जानकारी के लिए थाना इज्जतनगर और प्रेमनगर से जानकारी ली जा सकती है। अजितेश का परिवार सौ फुटा रोड पर वीर सावरकरनगर कॉलोनी में रहता है। वीरसावरकर नगर कल्याण समिति के अध्यक्ष इंजीनियर एके सिंह ने बताया कि हम तो इसका नाम भी नहीं जानते थे। कॉलोनी में गाडिय़ों पर अभि ठाकुर लिखता था। उन्होंने अजितेश के पिता हरीश से अपील की कि अगर उन्हें पूरनपुर से विधायकी लडऩी है तो जरूर लड़े, लेकिन ऐसी राजनीति नहीं करें। कॉलोनी के ही दिनेश गिरी ने बताया कि विधायक पहले ही बोल चुके हैं। बेटी बालिग है। अपने निर्णय ले सकती है। फिर ऐसी बातें उन्हें बदनाम करने की साजिश है।
अजितेश के भाई की गाड़ी पर हो चुकी है फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जनवरी में वीरसावरकर नगर में अजितेश के भाई का किसी से विवाद हो गया था। तब आरोप लगाया गया था कि अजितेश के भाई की गाड़ी पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गाड़ी में कुछ खोखे भी मिले थे। इस मामले में दूसरे पक्ष के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। अजितेश का कुछ लोगों से झगड़ा भी हुआ था। इज्जतनगर इंस्पेक्टर केके वर्मा का कहना है कि अजितेश के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।
चार दिन पहले साक्षी मिश्रा ने एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपने पिता, भाई और मित्र से अपनी और पति के जान को खतरा बताया था। बुधवार शाम को जारी किए गए दो वीडियो में साक्षी और अजितेश ने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। एक वीडियो में दोनों यह कहते हुए नजर आए कि भाजपा विधायक राजेश मिश्रा के लोग उनके जान के पीछे पड़े हुए हैं।