देहरादून – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की ब्राह्मण पुरोहितों पर कथित टिप्पणी सियासी हलके में लगातार तूल पकड़ रही है। विपक्ष का विरोध थमने का नाम नही ले रहा है। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा महरा दसौनी ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को आड़े हाथ लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा ने कहा कि ऐसे नेता किसी भी पार्टी के हों उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं का चाल और चरित्र जनता देख रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ऐसे बयानों को देकर सामाज को दूषित करने का काम कर रहे है। भाजपा का चेहरा, चाल और चरित्र सबके सामने आ गया है। कांंग्रेस प्रवक्त ने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री के विकास कार्यो को देखकर घबरा गई है। उन्होंने कहा भाजपा के नेता अनर्गल बयानबाजी कर राज्य के विकास को अस्थिर करने का काम कर रहे है।
दसौनी ने कहा भाजपा ने देश की जनता से झूठ बोलकर केन्द्र में सत्ता हथियाने का काम किया है। केन्द्र सरकार ने देश की जनता को इन ढाई वर्षो में मंहगाई, बेरोजगारी और झूठ बोलने के अलावा कुछ भी नही दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। चुनाव के नतीजे चाहे जो भी हों लेकिन नेताओं के तेवरों से जाहिर हो रहा है कि इस बार चुनावी रणभूमि ज्यादा कुछ ज्यादा ही चर्चा बटोरेगी