रुड़की : रुड़की नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही अपनी जीत का दावा कर रही है. वहीं रुड़की पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा नगर निगम में भाजपा का मेयर और सम्पूर्ण बोर्ड बनेगा। उन्होंने मयंक गुप्ता को 24 कैरेट का सोना और गौरव गोयल को पार्टी का गद्दार बताया।
रुड़की में दिल्ली हरिद्वार हाईवे स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भाजपा प्रत्याशी मयंक गुप्ता को जिताऊ कैंडिडेट बताया गया। उन्होंने कहा कि मयंक गुप्ता एक साफ छवि के व्यक्ति हैं जो भाजपा के ईमानदार सिपाही हैं और उन्होंने काफी पदों पर भाजपा के लिए निष्पक्ष के साथ में काम किया है. भाजपा प्रत्याशी मयंक गुप्ता को अजय भट्ट के द्वारा 24 कैरेट का सोना बताया गया।
अजय भट्ट ने गौरव गोयल के बागी होने पर कहा कि ऐसे लोगों का पार्टी में कोई काम नहीं है जो सिर्फ अपने लिए सोचते हैं. गौरव गोयल के लिए भाजपा के रास्ते हमेशा के लिए बंद हो गए हैं. उसकी पार्टी में कोई जगह नहीं है. अजय भट्ट ने कहा है कि जिन लोगों के द्वारा पार्टी के सम्मान में पर्चे वापस लिए गए हैं। उनका पार्टी तहे दिल से सम्मान करती है और उन्हें जल्द ही सम्मान से नवाजा जाएगा। अजय भट्ट ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि जो लोग भाजपा में रहकर भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ काम करेंगे वो पार्टी की नज़र से छुप नही पाएंगे।