आप पार्टी को उत्तराखंड में बड़ा झटका लगा है। प्रदेशाध्यक्ष अनूप नौटियाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पद से त्यागपत्र दे दिया है। इससे पार्टी में हड़कंप मचा हुआ है। नौटियाल व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी विवेक यादव पर गंभीर आरोप जड़े हैं। हालांकि नौटियाल ने साफ किया है कि वह पार्टी से जुड़े हैं और अरविंद केजरीवाल, आशुतोष जैसे नेताओं का आदर करते हैं। इनसे बातचीत के बाद ही वह आगे का फैसला करेंगे। पार्टी के कोषाध्यक्ष रणवीर चौधरी ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भी प्रदेश प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी तरफ, मीडिया प्रभारी सरोज पांडे ने बताया कि मुझे इस तरह की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे कई सालों से पार्टी के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। लेकिन पार्टी के प्रदेश प्रभारी का रवैया पूरी तरह से दिशाहीन और कार्यकर्ताओं का उपेक्षा करने वाला है।