देहरादून : अधिकारियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए मुख्य सचिव ने एक आदेश जारी किया है। जिसको भाजपा-कांग्रेस के नेता दोनों ही सही ठहरा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि सरकार ने अच्छा फैसला जरूर लिया है, लेकिन लेने में देरी कर दी।
उत्तराखंड में अधिकारियों की मनमानी और जनप्रतिनिधियों का सम्मान न करने को लेकर मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों का सम्मान करने को लेकर आदेश जारी किया है। उस आदेश को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को उनका स्टेटस याद दिलाना पड़ता है।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि प्रदेश में अफसर बेलगाम हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन मुख्य सचिव के द्वारा जो आदेश जारी किया गया है और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जो बात कह रहे हैं। उन्होंने इस निर्णय को लेने में काफी देरी कर दी है। अगर ये पहले होता तो इसके परिणाम भी अच्छे होते।