रुद्रप्रयाग : लगातार बारिश के कारण ज्यादातर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन भी शुरू हो गया है। भूस्खलन के चलते केदारनाथ मार्ग पर लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। इसके चलते यात्रा को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने एक-एक कर सभी यात्रियों को पार कराया।
कंचनगंगा में उफान आने और लामबगड़ में रुक-रुक कर हो रहे भूस्खलन की वजह से बदरीनाथ हाईवे दोपहर तक बंद रहा। वहीं, गंगोत्री मार्ग जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर मलबा आने से बंद हो गया। यमुनोत्री हाईवे डाबरकोट के पास लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण बंद हो रहा है। प्रदेशभर की बात करें तो करीब 120 संपर्क और मुख्य मार्ग बंद हैं।
केदारनाथ पैदल ट्रैक पर भीमबली और लिनचोली के बीच सुबह पहाड़ी से पत्थर लगातार गिर रहे हैं। इसको देखते हुए सुबह करीब दस बजे पैदल यात्रा रोक दी गई। तीर्थयात्रियों को भीमबली और लिनचोली में रोक दिया। इस दौरान पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने यात्रियों को अपनी देख-रेख में रास्त पार किया।