अभिनेता विवेक ओबेराॅय ने ऐश्वर्या राय पर शेयर किए मीम पर माफी मांग ली है। उन्होंने लिखा, “कभी-कभी पहली नजर में एक इंसान को जो मजाकिया लगता है, जरूरी नहीं कि दूसरे को भी वैसा ही लगे। मैंने 10 साल में 2000 से ज्यादा वंचित लड़कियों को मजबूत बनाने का काम किया है। मैं कभी किसी महिला के अपमान के बारे में सोच भी नहीं सकता. विवेक ने ट्वीट डिलीट कर कहा कि अगर किसी भी महिला को उनके ट्वीट से कष्ट हुआ है तो उन्हें इसका खेद है।
पहले विवेक ने मीम पर किसी भी तरह की माफी से किया था इनकार
आपको बता दें कि इससे पहले उन्होंने मीम पर किसी भी तरह की माफी से इनकार किया था। विवेक ने आरोप लगाया था कि नेता उनकी बात का राजनीतिकरण कर रहे हैं और एक मजाक पर जेल में डालना चाह रहे हैं। दरअसल जो फोटो विवेक ने शेयर की थी वह तीन तस्वीरों को मिलाकर बनाई गई थी। इसमें सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, वे खुद और आराध्या की अलग-अलग स्टेजेज की तस्वीरें थीं।विवेक ने कहा था कि जो लोग मजाक में शेयर की गई फोटो में शामिल हैं, उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं। लेकिन कई नेता इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने में जुटे हैं। ये लोग असली मुद्दों पर काम नहीं करते और ऐसी चीजों को मुद्दा बना लेते हैं।
विवेक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में दीदी हैं जो लोगों को सिर्फ मीम बनाने पर जेल में डाल देती हैं। अब यही लोग विवेक ओबेराॅय को भी सलाखों के पीछे डालने की मांग उठा रहे हैं। पहले ये लोग मेरी फिल्म रोकने में नाकाम रहे, इसलिए अब मुझे जेल भेजने की कोशिश कर रहे हैं। विवेक ने कहा कि ट्वीट में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं दिखा। ऐसे में अगर मैंने कुछ गलत नहीं किया तो मैं माफी भी नहीं मांगूंगा।
रांची के युवक ने अपलोड की थी तस्वीर
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर रांची के पवन सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल से अपलोड की थी। विवेक ने उसे शेयर किया। उन्होंने लिखा कि यह तस्वीर उन्हें क्रिएटिव लगी, इसलिए उन्होंने इसे शेयर किया। इसमें कोई पॉलिटिक्स नहीं है। यही लाइफ है।