देहरादून: 30 अप्रैल से परेड़ ग्राउंड में धरने पर बैठे 108 के पूर्व कर्मचारियों को कांग्रेस का पूरा समर्थन मिल रहा है। कांग्रेसी नेता धरना स्थल पर तो जा ही रहे हैं। अब कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री से मिलकर 108 के पूर्व कर्मचारियों को नौकरी पर रखने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिला।
प्रदेश में जीवीके से 108 संचालन का जिम्मा वापस लेने के बाद सरकर ने कैंप को संचालन की जिम्मेदारी दी है। लेकिन, 717 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। समान काम, समान वेतन पर नई कंपनी में समायोजन की मांग को लेकर पूर्व कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों की मांग का कांग्रेस और यूकेडी समेत कई सामजिक संगठन भी समर्थन कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि 108 के पूर्व कर्मचारियों को वापस नौकरी पर रखने को लेकर सीएम से मांग की गई है। हमें उम्मीद है कि सीएम हमारी मांगों को मान लेंगे। अगर मांग पर अमल नहीं किया जाता है, तो कांग्रेस के पास सड़क पर उतरकर आंदोलन का विकल्प खुला है।