कोटद्वार : मालवीय उद्यान में बुधवार शाम साढ़े चार बजे जैसे ही मुख्यमंत्री का उद्बोधन शुरू हुआ। सभास्थल के समीप एक कांप्लेक्स के दो मंजिले भवन पर चढ़ी महिला कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने शुरू कर दिए। कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने कांग्रेस की प्रदेश सचिव कृष्णा बहुगुणा समेत चार महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेसियों का कहना है कि जिन योजनाओं का सीएम शिलान्यास कर रहे हैं उनका शिलान्यास 2016 में कांग्रेस मुख्यमंत्री हरीश रावत कर चुके हैं। सरकार दोबारा शिलान्यास कर क्षेत्र की जनता को गुमराह कर रही है। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने में भी जमकर हंगामा काटा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला पुलिस कर्मियों के बीच जमकर झड़प हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस उन्हें कार्यालय के बाहर भी नहीं बैठने दे रही थी, जिसका उन्होंने विरोध किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की। पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक इन कार्यकर्ताओं को जबरन थाने में बिठाए रखा। देर शाम उनके खिलाफ शांतिभंग का चालान काटकर रिहा किया गया।
आपको बता दें काले झंडे दिखाने की योजना पुलिस और खुफिया विभाग को भी नहीं लग सकी। आननफानन में पुलिस ने कांग्रेस की प्रदेश सचिव कृष्णा बहुगुणा, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शकुंतला चौहान, हर्षिता, ऋतु चौधरी को हिरासत में ले लिया।