हल्द्वानी : वित्त मंत्री प्रकाश पंत को मॉरीशस में आयोजित विश्व हिंदी उत्सव में विश्व हिंदी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पंत ने कहा, हिंदी एक दिन विश्व में व्याप्त होगी। और भारत की वसुधैव कुटुमंबकम की संस्कृति दुनिया अपनाएगी। 17 अगस्त को ऋषि दयानंद संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान उन्हें मॉरीशस के उद्योग एवं सहकारिता मंत्री सुनील भोला ने प्रदान किया।
कार्यक्रम के समन्वयक व आधारशिला के संपादक दिवाकर भट्ट ने बताया कि हिंदी दुनिया में सर्वाधिक बोली जाने वाली दो भाषाओं में एक है। इसलिए हिंदी को राष्ट्र संघ की भाषा बनाए जाने के लिए विश्व स्तर पर अभियान चलना चाहिए। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित हुआ है।
कार्यक्रम में संस्कृति एवं कला मंत्री पृथ्वीराज रूपन ने कहा, मॉरीशस हिंदी व भारतीय संस्कृति को लगातार आगे बढ़ा रहा है। सुनील भोला ने कहा, भारतवंशियों ने मॉरीशस आने के बाद भी अपनी संस्कृति को बचाए रखा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व लेखक विभूतिनारायण राय ने हिंदी को व्यापक रूप से समाज में अभिव्यक्त करने की बात कही। ऋषि दयानंद संस्थान के प्रोफेसर सुदर्शन जगसेर ने हिंदी के विकास यात्रा पर अपनी राय रखी। इसमें संस्थान के डीन डॉ. उदयनारायण गंगू ने आर्य सभा द्वारा हिंदी के योगदान पर चर्चा की। आधारशिला विश्व हिंदी मिशन, संस्कृति मंत्रालय मॉरीशस व आर्यसभा मॉरीशस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रॉय को राहुल सांस्कृत्यान सम्मान से सम्मानित किया गया।