देहरादून- शुक्रवार रात से शुरू हो रहे चंद्रग्रहण के सूतक के चलते देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम समेत सभी मंदिरों के कपाट दोपहर दो बजे बंद कर दिए जाएंगे। शनिवार सुबह सफाई व शुद्धिकरण के बाद मंदिरों को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोला जाएगा।
शुक्रवार रात 11.54 बजे शुरू होगा और रात 3.49 बजे तक रहेगा
सदी का सबसे लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण शुक्रवार रात 11.54 बजे शुरू होगा और रात 3.49 बजे तक रहेगा। लेकिन, ग्रहण का सूतक शुक्रवार दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएगा। इसके चलते चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री समेत सभी मंदिरों के कपाट दो बजे बाद बंद कर दिए जाएंगे। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्याधिकारी एमपी जमलोकी ने बताया कि शनिवार सुबह मंदिर की सफाई व शुद्धिकरण के साथ हवन-यज्ञ कर दोबारा मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इसके बाद ही श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
इसलिए कहते हैं ‘ब्लड मून’
पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान चंद्रमा जब पृथ्वी की छाया से होकर गुजरता है तो वह नाटकीय रूप से चमकीले नारंगी रंग से लाल रंग का हो जाता है। यही कारण है कि इस अवधि में उसे ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।