रुद्रपुर गैंगरेप केस में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर में दबोचे गए आरोपी

रुद्रपुर गैंगरेप केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिस वारदात ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था। जिस मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े रहे थे। उसी केस में अब बड़ा मोड़ आया है। 19 साल की युवती के साथ हैवानियत करने वाले तीनों आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं।
रुद्रपुर गैंगरेप केस में बड़ी सफलता
बता दें कि रुद्रपुर के भूरारानी इलाके में एक युवती अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ मौजूद थी। तभी तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने मारपीट की और 19 साल की युवती का अपहरण कर उसे जंगल की ओर ले गए। आरोप है कि जंगल में तीनों ने युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे थे सवाल
घटना के बाद पूरी रात पुलिस युवती की तलाश करती रही। लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। अगले दिन युवती किसी तरह अपने परिचितों तक पहुंची और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे थे।
लोग कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे। ऐसे में इस मामले के आरोपियों को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से ही तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी को चेकिंग के दौरान पकड़ा
देर रात बगवाड़ा क्षेत्र में गाड़ियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को उन पर शक हुआ और उन्हें रुकने का इशारा किया गया। लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने एनकाउंटर कर आरोपियों को दबोचा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। जबकि बाकी दो आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।