देहरादून में Rahul Gandhi बोले- ‘रेस्टोरेंट जैसा पेपर लीक का मेन्यू कार्ड’, मंच पर फफक पड़े रिया थापा के पिता

देहरादून के बन्नू स्कूल में बीते दिन शुक्रवार, 17 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम हुआ। जिसमें उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए पेपर लीक के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक का मैन्यू कार्ड रेस्टोरेंट की तरह है। जहां पर पेपर का रेट तय है। पैसा दो और पेपर लो। कई अभ्यर्थियों ने अपना पेपर लीक का दर्द साझा किया। तो वहीं कार्यक्रम में एक भावुक पल भी देखने को मिला। नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाली देहरादून की रिया थापा के पिता मंच पर ही फफक कर रो पड़े।
राहुल गांधी ने दिवंगत कांग्रेस नेता के घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
शुक्रवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर जब राहुल गांधी पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से भी दुख बांटा। जिसके बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ट नेताओं के साथ एक होटल में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक ली। शाम को वो बन्नू स्कूल गए जहां उन्होंने छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पेपर लीक प्रकरणों पर चर्चा की।

पेपर लीक को बताया रेस्टोरेंट का मैन्यू कार्ड, रेट पहले से तय
करीब एक घंटे तक राहुल गांधी ने पेपर लीक पर बात की। जिसमें उन्होंने कहा कि “पेपर लीक का मैन्यू कार्ड रेस्टोरेंट की तरह है। जहां पर पेपर का रेट तय है। पैसा दो और पेपर लो।” इसमें नीट का पेपर 40 लाख, आईआईटी का पेपर 15 लाख रुपये, उत्तराखंड पटवारी भर्ती का पेपर 15 लाख, बिहार की बेसिक शिक्षक भर्ती का पेपर 10 लाख और सब इंस्पेक्टर की भर्ती का पेपर 25 लाख रुपए है। अगर आप पेपर लीक में रुचि रखते है। तो पैसों में पेपर माफिया आपके मोबाइल में पेपर आपको उपलब्ध करा देंगे। लेकिन इसमें मध्यम वर्ग के उन 99% बच्चों का हक मर जाता है, जो अपने बच्चों की तैयारी के लिए लाखों रुपए खर्च करते है।

रोजगार के पांच में से चार दरवाजे बंद
आगे राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के लिए देश में रोजगार, स्वरोजगार के पांच दरवाजे हैं। इन पांच में से पहला विनिर्माण, दूसरा उद्यमिता, तीसरा कॉर्पोरेट और चौथा निजी क्षेत्र के दरवाजे तो लगभग बंद हैं। पांचवां सरकारी नौकरी का खुला है, लेकिन इसमें मेहनत और पारदर्शिता नहीं है। इसमें पेपर लीक वाले दरवाजे से एंट्री दी जाती है।
रिया थापा के पिता मंच पर फफक कर रो पड़े
कार्यक्रम में एक भावुक पल भी देखने को मिला। देहरादून की रिया थापा ने नीट पेपर लीक के बाद सुसाइड कर लिया था। ऐसे में इस कार्यक्रम में उनके पिता ने भी शिरकत की। जिसमें वो मंच पर ही फफक कर रो पड़े। रिया के पिता राजेश गुरुंग ने बताया कि उनकी बेटी पेपर देकर काफी खुश होकर लौटी थी।
उसका पेपर अच्छा हुआ था। घर आकर वो काना खाकर सो गई। कुछ दिन बाद पेपर लीक होने की सूचना मिली। तो रिया उदास हो गई। वो अंदर से टूट गई थी। उसने बोला, पाप हमाले साथ धोखा हुआ है। जिसके बाद एक दिन उसने अपनी जान दे दी। इसी को बताते हुए वो मंच पर ही फफक कर रो पड़े।

फेमस ऑनलाइन मैथ्स टीचर अभिनय शर्मा ने शिक्षा नीति पर की बात
इस दौरान मच पर सोशल मीडिया पर फेमस ऑनलाइन मैथ्स के टीचर अभिनय शर्मा भी आए। उन्होंने भी पेपर लीक के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वो किसी राजनीतिक दल की विचारधारा नहीं, बल्कि पेपर लीक की पीड़ा के कारण यहां आए है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति आज तक पूरी तरह से लागू ही नहीं हो पाई है। पेपर के नाम पर वसूली अभियान चलाया जा रहा है। जो कि बंद होना चाहिए।
बारिश के बाद भी सुनाई दी युवाओं की गूंज
बताते चलें कि बीते दिन देहरादून में भारी बारिश देखने को मिली। लेकिन उसके बाद भी कांग्रेस के इस कार्यक्रम में युवाओं का जोश देखने को मिला। हजारों की संख्या में बारिश के बाद भी युवा कार्यक्रम में पहुंचे। राहुल से पहले कई कालाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां भी दी।
मंच पर आए युवाओं ने बांटा अपना दुख
इस दौरान युवा मंच पर भी आए। मंच पर मनीष कांडपाल, आरती भंडारी, बिहार के आशु नारंग और एक अन्य अभ्यर्थी ने राहुल गांधी के सामने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि त्तराखंड पटवारी भर्ती की परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था। जिसके कारण उनका मन टूट गया।