Dehradun NewsBig News

‘पुलिस में हैं हमारे परिजन…’ नकल विवाद के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज में मचा बवाल

देहरादून के पित्थूवाला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में परीक्षा के दौरान कथित नकल पकड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि एक छात्र के परिजनों ने संस्थान में घुसकर उनके साथ मारपीट और अभद्रता की। घटना के विरोध में पॉलिटेक्निक स्टाफ ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।

नकल विवाद के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज में मचा बवाल

जानकारी के अनुसार 4 जून को पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित परीक्षा के दौरान दो छात्रों पर एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिका से नकल करने का संदेह हुआ। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना कक्षा में लगे CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है। इसके बाद परीक्षा नियंत्रण समिति ने दोनों छात्रों को कक्ष से बाहर बुलाकर पूछताछ की।

कॉलेज स्टाफ का कहना है कि छात्रों को समझाने के बाद उनसे लिखित माफीनामा देने को कहा गया था। इसी दौरान एक छात्र ने कथित तौर पर बताया कि उसके अभिभावक पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और उसके खिलाफ कार्रवाई न की जाए। बाद में उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई और परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर चला गया।

छात्र के परिजनों पर मारपीट के आरोप

शिक्षकों के अनुसार अगले दिन 5 जून को जब संस्थान का स्टाफ प्रवेश परीक्षा की तैयारियों में जुटा हुआ था, तभी कथित तौर पर संबंधित छात्र के माता-पिता, एक महिला रिश्तेदार और एक अन्य व्यक्ति पॉलिटेक्निक परिसर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कंट्रोल रूम में घुसकर वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की।

शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य शिक्षकों के साथ भी अभद्रता की गई। शिक्षकों का दावा है कि विवाद काफी देर तक चलता रहा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर आईएसबीटी चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।

पॉलिटेक्निक स्टाफ ने किया काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन

घटना से नाराज पॉलिटेक्निक स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शिक्षकों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जारी रखेंगे। वहीं दूसरी ओर छात्र पक्ष ने भी शिक्षकों पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा के दौरान छात्र के साथ मारपीट की गई थी।

Copying Case
पॉलिटेक्निक स्टाफ प्रदर्शन

जांच में जुटी पुलिस

मामले में सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। एक पक्ष ने परीक्षा के दौरान छात्र के साथ मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने शिक्षकों के साथ मारपीट और अभद्रता की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें