HC के आदेश पर 20 दिन बाद कब्र से निकाला शव, दोबारा पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में 17 साल के मुर्सलीन की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को प्रशासन और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में मुर्सलीन का शव कब्र से बाहर निकाला गया और दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
17 मई को फंदे से लटका मिला था शव
जानकारी के अनुसार काशीपुर की नई बस्ती कटोराताल निवासी मुर्सलीन (17) का शव 17 मई की सुबह घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार शव को दफना दिया गया।
खून और चोट के निशानों ने बढ़ाया शक
मृतक के पिता इमरान अली का कहना है कि शुरुआत में उन्हें यह आत्महत्या का मामला लगा था। लेकिन पोस्टमार्टम के बाद जब उन्होंने बेटे के सिर के पीछे चोट का निशान देखा तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने कमरे की तलाशी ली, जहां कथित तौर पर खून के निशान और खून से सनी चादर मिली। पिता का आरोप है कि इन परिस्थितियों ने उन्हें यह मानने पर मजबूर कर दिया कि उनके बेटे की हत्या की गई है।
परिजनों ने खटखटाया HC का दरवाजा
परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए अधिकारियों से गुहार लगाई। जब उन्हें संतोषजनक कार्रवाई नहीं मिली तो उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याचिका में चोट के निशान, खून के सबूत और अन्य परिस्थितियों का उल्लेख किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत तस्वीरों और तथ्यों को देखते हुए हाईकोर्ट ने 3 जून 2026 को शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए।
प्रेम प्रसंग का भी आया जिक्र
बता दें उत्तराखंड में इस ये पहले मामला है जब पिता द्वारा बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट में दायर याचिका के बाद शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए कब्र से निकाला गया हो। मृतक के पिता इमरान अली ने बताया कि उनके बेटे का मोहल्ले की एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। उनका आरोप है कि लड़की के भाई इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने कई बार मुर्सलीन को धमकाया भी था। हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन की निगरानी में निकाला गया शव
उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में शव को कब्र से निकाला गया है। पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत और परिजनों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई है। अब सबकी निगाहें दोबारा होने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि मुर्सलीन की मौत आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी हुई है।