Amazon store में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत

नैनीताल की सरोवर नगरी से दूर हल्द्वानी में रामपुर रोड स्थित Amazon store में देर रात भीषण आग लग गई। अग्निकांड के दौरान स्टोर में मौजूद दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही देर रात दमकल विभाग और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
नैनीताल के Amazon store में लगी भीषण आग
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रामपुर रोड पर जीतपुर नेगी क्षेत्र में अमेजन का स्टोर है। देर रात को स्टोर में आग लग गई। जिसकी सूचना 112 के माध्यम से पुलिस प्रशासन को मिली। आनन-फानन में पुलिस की टीम के मौके पर पहुंची। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत
दमकल विभाग की टीम ने शटर तोड़कर किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक स्टोर पूरी तरह जल गया था। इस दौरान अंदर सो रहे दो कर्मियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेन्द्र प्रसाद (35) निवासी गोलापार और अमित आर्य (25) निवासी गोलापार के रूप में हुई है।
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही पुलिस घटना के संबंध में अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही और आग लगने के सटीक कारणों की गहनता से जांच करने में जुट गई है। बताया जा रहा है अग्निकांड में स्टोर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।