CM ने किया 3-बी गार्डन का शुभारंभ, मधुमक्खियों-तितलियों और पक्षियों के लिए बनेगा सुरक्षित आशियाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट के पौधे का रोपण कर किया गया।
जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा पौधारोपण
बता दें इस उद्यान का मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान देते हुए विकसित किया जा रहा है। इस पहल के तहत, विभिन्न प्रकार के ऐसे पौधे बड़े पैमाने पर लगाए जा रहे हैं जो परागण और जैव विविधता को बढ़ावा देते हैं। प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, बगीचे के आस-पास के क्षेत्र में कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देगा उद्यान
बताते चलें इस विशेष उद्यान का निर्माण न केवल मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देगा, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इसके अलावा, यह उद्यान पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक जगत के प्रति आम जनता में जागरूकता फैलाने में भी एक अहम भूमिका निभाएगा।
सीएम ने दिए थे उद्यान विकसित करने के निर्देश
बता दें सीएम ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित को इस तरह का एक उद्यान विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद, उपयुक्त पौधों की प्रजातियों के चयन और उन्हें लगाने का कार्य शुरू किया गया। उद्यान में मिश्रित रूप से विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जा रहे हैं जिनमें जामुन, शहतूत, सहजन, कदंब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बांस, टेकोमा, ज़िनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हेमेलिया, इक्सोरा, लैंटाना, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोज़मेरी और पुदीना शामिल हैं।