BRIDCUL का बड़ा कारनामा: कागजों पर सड़क पूरी, डकार गए 16 करोड़!

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में लापरवाही का एक और बड़ा मामला सामने आया है। ब्रैडकुल (BRIDCUL) के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत, चमोली जिले के थराली विधानसभा मे कंडवाल गांव से कफूली मल्ला (चरण-1 एवं चरण-2) मोटर मार्ग के निर्माण में 16 करोड़ के भारी-भरकम बजट को डकारने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है।
BRIDCUL पर गंभीर आरोप
ब्रैडकुल पर ये आरोप राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने लगाए हैं। मामले को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने विभागीय अधिकारियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “यह सीधे-सीधे जनता के पैसे की डकैती है। मोटर मार्ग के लिए आवंटित लगभग 16 करोड़ का शत-प्रतिशत भुगतान ठेकेदार को कर दिया गया है, लेकिन धरातल पर इसका एक छोटा हिस्सा भी काम के रूप में नजर नहीं आता। पूरे मार्ग में से केवल 2-3 किलोमीटर पर अत्यंत घटिया स्तर का पीसी (PC) कार्य किया गया है।
PWD सचिव से की कार्रवाई की मांग
सेमवाल ने कहा कि जेई संदीप शर्मा, एई नरेश कुमार और अधिशासी अभियंता अजय कुमार पिछले 3 साल से उच्च अधिकारियों को झूठी कंप्लीशन रिपोर्ट भेजकर गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने मांग कि है कि इन तीनों को तत्काल निलंबित किया जाए और फाइलों को तुरंत सील किया जाए ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो। पार्टी ने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज कुमार पांडे को पत्र भेजकर विस्तृत जाँच और कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी ने की सचिव से ये मांग
पार्टी ने PWD सचिव पंकज कुमार पांडे से मांग की है कि संबंधित मोटर मार्ग की सभी सरकारी फाइलों, एमबी (Measurement Book) और बिलों को तुरंत सील (Lock & Seal) किया जाए। इसके अलावा वित्तीय भुगतान के सापेक्ष वास्तविक कार्य के मिलान के लिए विशेष भौतिक-वित्तीय ऑडिट हो। साथ ही प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर जेई, एई और अधिशासी अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।