चारधाम हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग फ्रॉड का भंडाफोड़, बिहार से दो साइबर ठग गिरफ्तार

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हेली सेवा बुकिंग के नाम पर ठगने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। आरोपी श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का झांसा देकर ठगी कर रहे थे।
श्रद्धालुओं को हेली टिकट के नाम पर ठगने वाला गिरोह बेनकाब
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार, नालंदा और विजित कुमार उर्फ मिकी के रूप में हुई है। तीनो आरोपी बिहार के रहने वाले थे। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी फेसबुक पेज, व्हाट्सएप नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को फर्जी हेली टिकट उपलब्ध कराए थे।
हेली सेवा के नाम पर ऐसे करते थे आरोपी ठगी
आरोपी खुद को अधिकृत हेली सेवा एजेंट बताकर सोशल मीडिया पर फर्जी पेज और वेबसाइट चलाते थे। VIP दर्शन, कन्फर्म टिकट और सीमित सीट जैसे प्रलोभन देकर श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाते थे। ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई जाती थी और बाद में ATM के जरिए निकासी कर ली जाती थी। गिरोह के सदस्य आपस में 15 से 25 प्रतिशत तक कमीशन बांटते थे।
नाबालिगों के इस्तेमाल के मिले संकेत
बिहार में पूछताछ के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि साइबर अपराधी किशोरों को भी इस तरह की धोखाधड़ी में शामिल कर रहे हैं। इस पहलू की विस्तृत जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक ATM कार्ड, सिम से संबंधित सामग्री, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।