जर्नलिस्ट हेम भट्ट को रात में हिरासत में लेने पर बवाल, पत्रकार सुरक्षा समिति ने CM के नाम भेजा ज्ञापन

देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट (जय भारत टीवी) के गिरफ़्तारी प्रकरण को लेकर अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समिति के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम आशीष चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड सरकार को एक ज्ञापन सौंपा।
पत्रकार सुरक्षा समिति ने खोला पत्रकार हेम भट्ट प्रकरण को लेकर मोर्चा
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनुपम खत्री ने नव नियुक्त जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूरे प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी उन्हें दी। जिलाधिकारी ने मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेने और विषय को संवेदनशीलता के साथ देखने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने सीएम के नाम भेजा ज्ञापन
ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये जाने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि किसी पत्रकार से पूछताछ अपेक्षित थी, तो उसके लिए संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जाना चाहिए था।
ये भी पढ़ें: देहरादून पुलिस की बड़ी चूक!, क्या फ्रॉड की जगह पत्रकार हेम भट्ट को उठा ले गई पुलिस?
प्रतिनिधिमंडल ने की जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कहा रात के समय पुलिस कार्यवाही से पत्रकार समुदाय, उनके परिवार और समाज में असुरक्षा और भय की भावना उत्पन्न हुई है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक विषय है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच किसी पूर्व न्यायाधीश और पूर्व मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित स्वतंत्र समिति से कराई जाए, ताकि निष्पक्षता एवं जनविश्वास सुनिश्चित हो सके।